• Fri. Nov 6th, 2026

SBN24

NEWS

छत्तीसगढ़ भाजपा को बड़ा झटका: अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन, हैदराबाद में चल रहा था इलाज

BySamip Anant

Oct 31, 2026
Share this

रायपुर/दुर्ग :-  छत्तीसगढ़ की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार, 30 अक्टूबर को हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन, समर्थकों और अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक कोर्सेवाड़ा लंबे समय से फेफड़ों से संबंधित बीमारी से जूझ रहे थे। बेहतर उपचार के लिए उन्हें हैदराबाद के यसोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां करीब 22 दिनों तक उनका इलाज चला। शुक्रवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली।

शिक्षक से विधायक तक का सफर

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का सार्वजनिक जीवन शिक्षा के क्षेत्र से शुरू हुआ था। उन्होंने लंबे समय तक शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। शिक्षा जगत में उनकी पहचान के चलते लोग उन्हें सम्मानपूर्वक ‘गुरुजी’ कहकर संबोधित करते थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और जनसेवा के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई।

दो बार बने अहिवारा के विधायक

कोर्सेवाड़ा वर्ष 2008 में पहली बार अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें दोबारा प्रत्याशी बनाया, जिसमें उन्होंने जीत दर्ज कर विधानसभा में वापसी की। राज्य में उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी, जहां उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था।

आज पहुंचेगा पार्थिव शरीर, पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उनका पार्थिव शरीर शनिवार, 31 अक्टूबर को विमान से रायपुर लाया जाएगा। इसके बाद भिलाई-दुर्ग में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा, जिला बालोद ले जाया जाएगा। दोपहर 2 बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार प्रस्तावित है।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन को छत्तीसगढ़ भाजपा और अहिवारा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *