एक विधि से संघर्षरत बालक भी पुलिस अभिरक्षा में, 4 बाइक सहित लूटा गया सामान बरामद
सरसींवा :- सरसींवा पुलिस ने रात के समय ट्रक रोककर चालक और उसके साथी से मारपीट कर मोबाइल, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लूटने के मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिलों सहित लूटा गया मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 18 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे शासकीय अस्पताल गाताडीह के सामने मुख्य मार्ग पर हुई। प्रार्थी राजशांति प्रकाश बिके अपने भाई के साथ ट्रक क्रमांक एमएच 33 टी 7010 में ओडिशा के बरगढ़ से कोल्ड ड्रिंक की पेटियां लोड कर सरायपाली-सरसींवा मार्ग से बिलासपुर जा रहे थे। इसी दौरान चार मोटरसाइकिलों में सवार लोगों ने ट्रक को रोककर पत्थर मारकर उसका कांच तोड़ दिया। इसके बाद चालक और उसके साथी के साथ कथित रूप से गाली-गलौज व मारपीट कर मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां छीनकर फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सरसींवा में अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 310(2), 126(2), 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सुनसान सड़क पर वारदात की बनाई थी योजना
पुलिस के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और क्षेत्र में सूचना तंत्र सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध युवकों की गतिविधियों के संबंध में जानकारी मिली। पूछताछ में आरोपियों द्वारा कथित रूप से रात के समय गाताडीह से सरसींवा जाने वाली सुनसान सड़क पर दूसरे राज्य की गाड़ी को रोककर सामान लूटने की योजना बनाने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक को रोककर चालक और उसके साथी को डराने-धमकाने तथा मारपीट करने के बाद सामान लेकर आपस में बांटने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई चार मोटरसाइकिल, प्रार्थी का मोबाइल फोन, गैस चूल्हा और कोल्ड ड्रिंक की पेटियां बरामद की गई हैं।
सात आरोपी गिरफ्तार, एक बालक भी शामिल
पुलिस ने मामले में यशस्वी साहू उर्फ बंटी साहू, यशवंत साहू उर्फ सोनू साहू, देवेन्द्र साहू उर्फ नानु, पुष्पेन्द्र चौहान, शशांक रात्रे उर्फ राजा रात्रे, छोटेलाल साहू और मुकेश कुर्रे को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी मामले में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
