• Fri. Oct 23rd, 2026

SBN24

NEWS

यूनाइटेड कराटे एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन की कराते चैंपियनशिप में शांभवी पब्लिक स्कूल भटगांव का शानदार प्रदर्शन, 13 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल पर कब्जा

BySamip Anant

Aug 22, 2026
Share this



भटगांव :- यूनाइटेड कराटे एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित कराते चैंपियनशिप में शांभवी पब्लिक स्कूल भटगांव के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में स्कूल के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए कुल 13 गोल्ड मेडल एवं 2 सिल्वर मेडल हासिल किए।

प्रतियोगिता के दौरान शांभवी पब्लिक स्कूल भटगांव के खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी। विद्यालय के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से स्कूल परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।



मनीष रात्रे ने दूसरे राउंड में दर्ज की शानदार जीत

प्रतियोगिता में मनीष रात्रे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरे राउंड में जीत हासिल की और अपनी खेल प्रतिभा की अलग पहचान बनाई। उनके शानदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए मनीष रात्रे ने ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया तथा गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

मनीष रात्रे के उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें बेस्ट कोच के सम्मान से भी नवाजा गया। यह सम्मान उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।



विद्यालय परिवार ने दी बधाई

शांभवी पब्लिक स्कूल भटगांव के विद्यार्थियों द्वारा एक साथ 13 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल प्राप्त करना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



विद्यालय प्रबंधन विसंभर साहू ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कराते जैसे खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित करते हैं। खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे उनके नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *