• Fri. Oct 23rd, 2026

SBN24

NEWS

सेवा सुरक्षा एवं वेतन विसंगति को लेकर 22 अगस्त को तीनों ब्लॉकों में होगा धरना-प्रदर्शन

BySamip Anant

Aug 22, 2026
Share this


सारंगढ़-बिलाईगढ़ :-  शिक्षक साझा मंच के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा 22 अगस्त 2026 को सेवा सुरक्षा, पद न्याय एवं सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर जिले के तीनों ब्लॉकों में धरना-प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शन के पश्चात संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
फेडरेशन का कहना है कि “मोदी की गारंटी” के तहत सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करते हुए क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ दिया जाए। वहीं शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को लेकर सरकार द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने तथा सभी सेवारत शिक्षकों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए विभागीय स्तर पर TET परीक्षा आयोजित करने की मांग की जा रही है।


जिलाध्यक्ष संकीर्तन नंद ने कहा कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा से जुड़ा विषय बेहद गंभीर है। सरकार को सभी शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट निर्णय लेकर शीघ्र आदेश जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सेवा सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी नहीं किए गए, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक करेगा।उन्होंने जिले के सभी शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि अपने अधिकार, सेवा सुरक्षा और भविष्य की रक्षा के लिए एकजुट होकर आंदोलन में सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता ही शिक्षकों की मांगों को मजबूती प्रदान करेगी और आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जिलाध्यक्ष संकीर्तन नंद ने सभी शिक्षक संगठनों से भी एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह किसी एक संघ या संगठन की लड़ाई नहीं, बल्कि सभी शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में संघ-संगठन के मतभेदों से ऊपर उठकर सभी शिक्षक संगठनों को एक मंच पर आना होगा और TET की बाध्यता एवं सेवा सुरक्षा के मुद्दे पर एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे, तभी सरकार तक हमारी मांग मजबूती से पहुंचेगी। फेडरेशन ने सभी शिक्षक संगठनों एवं शिक्षकों से अपील की है कि संगठन की सीमाओं से ऊपर उठकर शिक्षक हित में एकजुट हों और 22 अगस्त को आयोजित धरना-प्रदर्शन एवं रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *