दानसरा :- जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय ने शुक्रवार को शासकीय हाई स्कूल दानसरा का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया तथा शिक्षण की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की समझ और शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जा रहे विषयों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने इतिहास, भूगोल एवं सामाजिक विज्ञान विषयों पर विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे और उनकी विषयगत समझ का परीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि हम इतिहास क्यों पढ़ते हैं, इतिहास हमें क्या शिक्षा देता है तथा विज्ञान का अध्ययन हमारे जीवन में किस प्रकार उपयोगी है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि इतिहास हमें अपने अतीत से सीख लेकर बेहतर भविष्य बनाने की प्रेरणा देता है, जबकि विज्ञान तार्किक सोच, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, जिज्ञासु बनने और प्रत्येक विषय को समझकर पढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि ज्ञान को व्यवहार में उतारना और अच्छे नागरिक बनना भी उतना ही आवश्यक है।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने विद्यालय के शिक्षकों से भी चर्चा करते हुए शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी एवं छात्र-केंद्रित बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता अलग होती है, इसलिए शिक्षकों का प्रयास होना चाहिए कि हर छात्र को सरल, रुचिकर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, विषयों की गहन समझ तथा नैतिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय की आवश्यकताओं, विद्यार्थियों की समस्याओं तथा शैक्षणिक उपलब्धियों की भी जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य श्रीमती कामिनी डनसेना, वरिष्ठ व्याख्याता श्री नंद कुमार बंजारे, व्याख्याता श्री लोकेंद्र नाथ पटेल, श्री संदीप कुमार मिंज, श्री रोशन देवांगन एवं श्री राघवेंद्र जलतरे उपस्थित रहे।
