• Fri. Oct 23rd, 2026

SBN24

NEWS

हाई स्कूल लेंधरा में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को मिली साइकिलें, जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिया प्रेरणादायी संदेश

BySamip Anant

Jul 31, 2026
Share this

सारंगढ़-बिलाईगढ़ :- हाई स्कूल लेंधरा में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति श्रीमती अभिलाषा कैलाश, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सहोदर सिदार, उपाध्यक्ष श्री अजय जवाहर नायक, शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री चक्रधर पटेल, विद्यालय के प्राचार्य श्री राजकुमार पटेल, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित वातावरण की भी सभी अतिथियों ने सराहना की।



अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय ने कहा कि “यह साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि आपके सपनों तक पहुँचने का माध्यम है।” उन्होंने कहा कि जिस प्रकार साइकिल संतुलन (बैलेंस) बनाए रखने पर ही सही ढंग से चलती है, उसी प्रकार जीवन में भी हर क्षेत्र में संतुलन बनाकर चलने वाला व्यक्ति अपने लक्ष्य तक अवश्य पहुँचता है।

उन्होंने छात्राओं से साइकिल का सही उपयोग करने, समय पर विद्यालय आने तथा नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल किताबों में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यवहार, संस्कार और चरित्र का विकास करना भी है।



जिला पंचायत अध्यक्ष ने छात्राओं को तीन महत्वपूर्ण बातें भी बताईं।

पहली, प्रतिदिन कम से कम एक घंटा मन लगाकर पढ़ाई करें। दूसरी, अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करें, क्योंकि जो अपने बड़ों का सम्मान करता है वही जीवन में आगे बढ़ता है। तीसरी, मोबाइल का उपयोग सीखने और ज्ञान बढ़ाने के लिए करें, समय बर्बाद करने के लिए नहीं।

उन्होंने अपने संबोधन का समापन करते हुए कहा कि “डिग्री आपको नौकरी दिला सकती है, लेकिन अच्छा व्यवहार आपको सम्मान दिलाता है।” उनके प्रेरणादायी विचारों ने छात्राओं को शिक्षा, अनुशासन और संस्कार के महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं में शिक्षा के प्रति नया उत्साह देखने को मिला तथा सभी ने शासन की इस जनहितैषी पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *