• Fri. Oct 23rd, 2026

SBN24

NEWS

बिहान योजना में बड़ा भ्रष्टाचार – उत्पादक समूहों की राशि हार्डवेयर दुकान में ट्रांसफर, कार्यवाही की मांग तेज

BySamip Anant

Sep 19, 2025
Share this

सारंगढ़-बिलाईगढ़ :- जिले में बिहान योजना के नाम पर बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। ग्रामीणों और महिला समूहों की शिकायत के बाद अब यह मामला जिले की सबसे बड़ी चर्चाओं में शामिल हो गया है। आरोप है कि योजना के तहत बने उत्पादक समूहों के खातों से भारी गड़बड़ी कर राशि का दुरुपयोग किया गया है।

छह उत्पादक समूहों की रकम पर डाका

सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक उत्पादक समूह के खाते में आजीविका संवर्धन हेतु ₹1.5 लाख (डेढ़ लाख) जमा कराया गया था। नियम के मुताबिक ₹50-50 हजार रुपए मशीनें और आवश्यक सामग्री खरीदने में उपयोग होना था, ताकि महिलाओं की आमदनी बढ़ सके। लेकिन इसके उलट छह उत्पादक समूहों के खातों से जबरन दबाव बनाकर राशि रायगढ़ के बजरंग हार्डवेयर (खाता क्रमांक – 539501010051028) में ट्रांसफर कर दी गई।

जिन समूहों से राशि निकाली गई उनमें शामिल हैं –

  1. समृद्धि उत्पादक समूह – कांदूरपाली
  2. उड़ान उत्पादक समूह – पवनी
  3. धन्वन्तरि उत्पादक समूह – बेंगची
  4. कार्यकारिणी बुनकर उत्पादक समूह – पेंड्रावन
  5. चंद्रहासिनी उत्पादक समूह – गोडम
  6. विंध्यवासिनी उत्पादक समूह – सालर पीजी

इन समूहों की राशि अब तक न तो सामग्री खरीद में उपयोग हुई और न ही समूहों को कोई सामान मिला। यानी, यह सीधा-सीधा बिहान बहनों के हक पर डाका है।

DPM पर गंभीर आरोप

मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि यह पूरा लेन-देन जिला परियोजना प्रबंधक (DPM) के दबाव में हुआ है। यदि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की जाए तो और भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का जाल सामने आएगा।

इस घोटाले को लेकर देवराज दीपक, कार्यकारी जिलाध्यक्ष – अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति ने आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा –
“बिहान योजना की बहनों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। बड़े अधिकारी लगातार भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्यवाही कर रहे हैं और इस घोटाले पर भी गाज गिरना तय है। जिन्होंने बहनों के हक की रकम लूटी है, उन्हें कानून के शिकंजे में लाकर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। यह मामला सिर्फ राशि का नहीं बल्कि गरीब महिलाओं के अधिकार और आजीविका पर डाका है।”

जिला सीईओ से की गई शिकायत

देवराज दीपक ने इस पूरे मामले की औपचारिक शिकायत जिला सीईओ सारंगढ़ से की है और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही की मांग रखी है। उनका कहना है कि यदि जल्द जांच शुरू नहीं हुई तो पत्रकार संगठन भी इस भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगा।

जांच में होगा बड़ा खुलासा

ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में कई स्तर पर गड़बड़ी हुई है और अगर जांच निष्पक्ष हुई तो करोड़ों के घोटाले का खुलासा होगा। महिलाएं भी अपने हक की रकम वापस पाने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग पर अड़ी हुई हैं।

अब पूरा जिला प्रशासनिक कार्यवाही की ओर टकटकी लगाए बैठा है। देखना होगा कि बिहान बहनों के हक पर डाका डालने वाले कब तक बचते हैं और कब तक उन पर गाज गिरती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *