• Thu. Oct 22nd, 2026

SBN24

NEWS

दिव्यांग बच्चों की शिक्षा के लिए वातावरण निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

BySamip Anant

Aug 28, 2023
Share this

रायगढ़ विकासखंड के 225 शासकीय शालाओं से 229 शिक्षकों की रही उपस्थिति

रायगढ़, 27 अगस्त 2023/ समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत कक्षा पहली से लेकर बारहवीं पढ़ाने वाले शिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण स्थानीय नटवर स्कूल में आयोजित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी बाखला, जिला मिशन समन्वयक श्री नरेंद्र चौधरी, एपीसी श्री भूपेन्द्र पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर.जटवार के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण दिव्यांग बच्चों की शिक्षा के लिए वातावरण निर्माण, दिव्यांग बच्चों की संस्था में पहचान के लिए प्रशस्त एप के इंस्टॉलेशन तथा प्रयोग, दिव्यांग बच्चों के लाभ हेतु विभिन्न विभागों द्वारा संचालित शासकीय योजनाओं के विषय में दिया जा रहा है। रायगढ़ विकासखंड के 225 शासकीय शालाओं से कुल 229 शिक्षकों के समक्ष आयोजित इस प्रशिक्षण का शुभारंभ माता सरस्वती की पूजा-अर्चना तथा राज्यगीत के गायन के साथ किया गया।
प्रशिक्षण के प्रारंभ में श्री मनोज अग्रवाल बीआरसीसी रायगढ़ द्वारा प्रशिक्षण के उद्देश्य तथा उपयोगिता के संबंध में संक्षिप्त संबोंधन दिया गया। प्रशिक्षण के मास्टर्स ट्रेनर्स श्रीमती सुमित्रा चंद्रा के द्वारा 21 प्रकार की दिव्यांगता, पालकों तथा शिक्षकों का इन बच्चों के प्रति व्यवहार, बच्चों के चिन्हांकन आदि विषय के बारे में सवाल-जवाब तथा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। श्री दीपक रात्रे स्पेशल एजुकेटर के द्वारा इन बच्चों हेतु विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं तथा बच्चों के अधिकार के संबंध में अवगत कराया गया। प्रशस्त एप के इंस्टॉलेशन उसके प्रयोग आदि के विषय में मास्टर ट्रेनर खगैश्वर साहू, सौरभ पटेल के द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से समझाया गया। प्रशिक्षण के अंत में सभी शिक्षकों की उपस्थिति क्यू आर कोड के माध्यम से लेकर प्रशिक्षण का समापन किया गया। प्रशिक्षण का सफल संचालन श्री राजकमल पटेल द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में श्री सतीश गौतम, विकास पटेल, रविंद्र पटेल, खगेश्वर साहू, ईश्वर पटेल, सूरज कश्यप, पार्वती यादव, इंदु यादव एवं छंदनू राम का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *