• Sat. Apr 18th, 2026

अनुसूचित जाति पर अत्याचार और आरोपी को संरक्षण देने कांग्रेस चला रही “प्रोपेगंडा” : रोहन सारथी

Samip Anant

BySamip Anant

Jun 10, 2025
Share this

नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी पर दर्ज गंभीर प्रकरण में गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में आक्रोश

रायगढ़ :- नगर पंचायत घरघोड़ा के उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता अमित त्रिपाठी के खिलाफ हाल ही में घर में घुसकर मारपीट के गंभीर आरोप में अपराध दर्ज किया गया है। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित पक्ष एवं अनुसूचित जाति समुदाय में भारी नाराजगी व्याप्त है।

प्रकरण के वादी रोहन सारथी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस पर अपराधी को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के व्यक्ति के साथ हुए अन्याय के बावजूद कांग्रेस आरोपी को बचाने के लिए एसपी को ज्ञापन सौंप रही है, जो प्रजातांत्रिक व्यवस्था और कानून की खुली अवहेलना है।
कई आपराधिक मामले दर्ज, फिर भी संरक्षण
रोहन सारथी ने आरोप लगाया कि अमित त्रिपाठी के विरुद्ध 2017, 2018 और 2019 में भी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं, जिनका उल्लेख उन्होंने स्वयं अपने चुनावी शपथ पत्र में किया है। इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा इस पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई न करना यह दर्शाता है कि पार्टी अपराधियों को संरक्षण दे रही है।

अमीर-गरीब की लड़ाई में न्याय की अनदेखी
विज्ञप्ति में रोहन सारथी ने कहा कि यह मामला एक अमीर नेता बनाम गरीब सफाई कर्मचारी परिवार का है। कांग्रेस रसूखदार अपराधी को बचाने के लिए पुलिस पर दबाव बना रही है जबकि पीड़ित गरीब एवं अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखता है। इस घटनाक्रम ने समाज में गहरा असंतोष उत्पन्न कर दिया है।

कांग्रेस का अनुसूचित जाति विरोधी चेहरा उजागर
रोहन सारथी ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के लेटरपैड पर अपराधी के पक्ष में ज्ञापन देना यह दर्शाता है कि कांग्रेस अब एक व्यक्ति विशेष की पार्टी बन गई है, जिसने आम कार्यकर्ताओं और जनसमूह की भावनाओं को दरकिनार कर दिया है।

अनुसूचित जाति समाज करेगा बड़ा प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अनुसूचित जाति और जनजाति समाज रायगढ़ में एक बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने रायगढ़ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि वे दबावमुक्त होकर, निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।

– रोहन सारथी घरघोड़ा