विद्या सागर सहित चार युवकों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस ने BNS की धाराओं में दर्ज किया मामला
महासमुंद (बसना) :- जिले के बसना थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चनाट स्थित देशी कंपोजिट मदिरा दुकान में ठंडी बीयर को लेकर विवाद के बाद सेल्समैन और सुपरवाइजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में दुकान के सेल्समैन कमलेश और सुपरवाइजर दिनेश डडसेना को चोटें आने की जानकारी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने विद्या सागर सहित चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ठंडी बीयर नहीं मिलने पर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिलखण्ड निवासी विद्या सागर सहित चार युवक चनाट स्थित देशी कंपोजिट मदिरा दुकान पहुंचे और बीयर की मांग की। आरोप है कि बीयर की बोतल ठंडी नहीं होने की बात को लेकर युवकों और दुकान के कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे सुपरवाइजर से भी मारपीट
शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान चारों युवकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए सेल्समैन कमलेश के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में कमलेश के सिर और शरीर पर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान दुकान के सुपरवाइजर दिनेश डडसेना बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
मामले में पीड़ित सेल्समैन कमलेश की शिकायत पर बसना थाना पुलिस ने विद्या सागर सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
घटना के बाद मदिरा दुकान के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, घटना के संबंध में आरोपियों का पक्ष और पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
