पंजीयन व्यवस्था में सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
सारंगढ़ :- जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने सोमवार सुबह 10 बजे जिला स्वास्थ्य केंद्र, सारंगढ़ का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पंजीयन काउंटर पर मरीजों की लंबी कतारें देखकर उन्होंने चिंता जताई। मरीजों को पंजीयन कराने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा था, जिससे उन्हें और उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का फीडबैक भी लिया। कई मरीजों ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया, जबकि कुछ मरीजों ने पंजीयन में लगने वाले समय और अन्य व्यवस्थागत कमियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यक सुधार की जरूरत पर जोर दिया।
पंजीयन व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता
जिला स्वास्थ्य केंद्र आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों को समय पर पंजीयन, सुगम उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। पंजीयन काउंटर पर लंबी कतारों को कम करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने तथा निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों का परीक्षण कर उनका शीघ्र निराकरण किए जाने की आवश्यकता जताई गई।

कलेक्टर को पत्र लिखकर कराया अवगत
निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं और मरीजों से प्राप्त सुझावों के संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कलेक्टर महोदया को पत्र के माध्यम से अवगत कराया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार, मरीजों की प्रतीक्षा अवधि कम करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग इन विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों और सुझावों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने की अपेक्षा की।
