• Fri. Oct 23rd, 2026

SBN24

NEWS

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने बरमकेला क्षेत्र के स्कूलों व स्वास्थ्य सेवाओं का किया निरीक्षण

BySamip Anant

Jul 21, 2026
Share this

12 ग्रामों की स्वास्थ्य स्थिति जानी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बम्हनीपाली प्राथमिक शाला की सराहना

बरमकेला :- जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने मंगलवार को बरमकेला विकासखंड के अंतर्गत बम्हनीपाली, सिंगापुर सहित कई ग्राम पंचायतों का व्यापक भ्रमण कर विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों, मितानिनों, आंगनबाड़ी सहायिकाओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों से विभिन्न विषयों पर चर्चा कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मितानिनों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से क्षेत्र में लेप्रोसी (कुष्ठ), टीबी, फाइलेरिया तथा शुगर से पीड़ित मरीजों की संख्या एवं उनके उपचार की जानकारी प्राप्त की। उपलब्ध जानकारी के अनुसार संबंधित 12 ग्रामों में 11 लेप्रोसी, 3 टीबी, 15 फाइलेरिया तथा शुगर के मरीज चिन्हित हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी मरीजों को नियमित रूप से दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति नियंत्रण में बताई गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने मरीजों के समय पर उपचार एवं नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान बम्हनीपाली प्राथमिक शाला की व्यवस्था और शैक्षणिक वातावरण ने विशेष रूप से उनका ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय के शिक्षक अनुराग वर्मा द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ जवाहर उत्कर्ष, नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल जैसी प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जा रही है। यही कारण है कि आसपास ही नहीं बल्कि अन्य क्षेत्रों से भी अभिभावक अपने बच्चों का प्रवेश इस विद्यालय में कराना पसंद कर रहे हैं । जिला पंचायत अध्यक्ष ने विद्यालय में बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, सामान्य ज्ञान एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए, जिससे उनकी प्रतिभा और शैक्षणिक स्तर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में यदि इसी प्रकार समर्पित शिक्षक कार्य करें तो निजी विद्यालयों की अपेक्षा शासकीय विद्यालय भी उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने शिक्षक अनुराग वर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अन्य विद्यालयों के शिक्षकों से भी बम्हनीपाली मॉडल से प्रेरणा लेकर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल सके।

भ्रमण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, गर्भवती एवं धात्री माताओं को मिलने वाली सुविधाओं तथा केंद्रों में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों से चर्चा कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नियमित क्षेत्रीय भ्रमण का उद्देश्य गांवों की वास्तविक स्थिति को समझना और उसे शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर ग्रामीणों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन, शिक्षकों की निष्ठा और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *