सरिया :- सरिया पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थार वाहन से 9 लाख 92 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। नगदी राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने रकम को जप्त कर अग्रिम जांच के लिए आयकर विभाग बिलासपुर को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सारंगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में 13 जून 2026 को कंचनपुर बैरियर में एमसीपी लगाकर सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रात करीब 7:45 बजे सरिया की ओर से उड़ीसा जा रही लाल रंग की थार वाहन क्रमांक ओडी-17-एए-9999 को रोककर जांच की गई।

वाहन चालक ने अपना नाम लक्ष्मण मंचम (24 वर्ष) पिता सुरी बाबू मंचम, निवासी प्रधानपाली, थाना बरपाली, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) बताया। पूछताछ में उसने बताया कि वह भूलक्ष्मी सीड्स कंपनी में कार्यरत है तथा पचगांव (उड़ीसा) से नगदी राशि लेकर प्रधानपाली जा रहा है। पुलिस द्वारा नगदी राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु बीएनएसएस की धारा 94 के तहत नोटिस दिया गया, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में 9,92,900 रुपये नकद को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जप्त कर सीलबंद किया। साथ ही संबंधित थार वाहन को भी जप्त कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि बरामद राशि के स्रोत एवं वैधता की जांच के लिए संपूर्ण मामला आयकर विभाग बिलासपुर को हस्तांतरित किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, उप निरीक्षक सुमन कुमार चौहान, उप निरीक्षक मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, प्रधान आरक्षक विजय यादव, आरक्षक लक्ष्मीनारायण पटेल, नर्मदा यादव, मुकेश कश्यप एवं दिलीप साह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
