• Fri. Oct 23rd, 2026

SBN24

NEWS

सांसद राठिया और जांगड़े ने की विभागवार कार्यों की समीक्षा

BySamip Anant

Jul 13, 2025
Share this

सारंगढ़ में दिशा की बैठक सम्पन्न

सारंगढ़ बिलाईगढ़ :- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सारंगढ़ में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सांसदद्वय राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, विधायक उत्तरी जांगड़े मुख्य अतिथि थे। इस बैठक में 12 नवंबर 2024 से 30 जून 2025 की स्थिति में विभिन्न विभागों के माध्यम से किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट को विभागवार विभाग प्रमुख के द्वारा अतिथियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।बैठक में सांसदद्वय राधेश्याम राठिया और कमलेश जांगड़े ने जिले के कार्यों में निरंतर प्रगति लाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि लोकसभा रायगढ़ क्षेत्र में सारंगढ़ और लोकसभा जांजगीर चांपा क्षेत्र में  बिलाईगढ़ शामिल है।


सांसद राधेश्याम राठिया ने सीएमएचओ डॉ एफ आर निराला को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय जन औषधि केंद्र का व्यापक प्रचार प्रसार करें। कलेक्टर डॉ कन्नौजे ने कहा कि जिले में महानदी किनारे बसे गांव के ग्रामीणों का फाइलेरिया, कुष्ठ, सिकलसेल सर्वे कराएं। कुष्ठ रोगियों को प्रोत्साहित करें कि, उनके नाम और गोपनीयता बरकरार रखी जाएगी। साथ ही उन्हें सामाजिक उपेक्षा से डरने की जरूरत नहीं जैसी बातों से इलाज कराने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ कन्नौजे ने पंचायत सचिव और सरपंच के माध्यम से स्कूल आंगनबाड़ी केंद्र आदि के टाइल्स टूटना, खिड़की, दरवाजा, दीवार, 
टायलेट आदि के छोटे छोटे कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।


सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना अंतर्गत 1 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2025 तक केंद्र सरकार द्वारा 334 लाख व्यय किया गया है। बैठक में चर्चाकर निर्देश दिए गए कि, खनन प्रभावित क्षेत्रों में अस्थमा जांच हो, स्कूलों में बालक बालिका शौचालय अच्छा हो। स्कूलों का बाउंड्रीवाल बनाया जाए, अवैध अतिक्रमण और शराब गांजा आदि के सेवन का अड्डा नहीं बने। फल विक्रेताओं का लाइसेंस बने।

बैठक में कृषि विभाग के उप संचालक आशुतोष श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि जिले में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत रागी, मक्का फसल के लिए निशुल्क बीज, खाद, दवा और अनुदान है। शैलो ट्यूबवेल के लिए भी खनन में 5 हजार और पंप प्रतिस्थापन में 15 हजार अनुदान है। जंगल के नजदीकी 18 गांवों में 412 किसान 500 हेक्टेयर में परंपरागत कृषि विकास योजना के तहत खेती कर रहे हैं। जिले में अभी 4825 किसानों को मृदा स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ दिया जा चुका है, जिसमें 400 मिट्टी का परीक्षण किया गया है।जिले के 77144 किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 17 करोड़ 19 लाख रूपये वितरित किए गए हैं। कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने उप संचालक कृषि को शासकीय कृषि कॉलेज खोलने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उप संचालक पशुधन डॉ महेंद्र पांडेय ने पशुधन की जानकारी दी कि, जिले के पशुओं को खुरहा चपका रोग से बचने के लिए 82.3 प्रतिशत टीकाकरण किया गया है। 15 केंद्रों में 7000 बकरियों का कृत्रिम गर्भधारण किया जाएगा। साथ ही पायलट प्रोजेक्ट में जिले के पात्र आदिवासी महिलाओं को 2 गाय का वितरण किया जाएगा। एसडीओ बी एल खरे ने जिले में जल जीवन मिशन की जानकारी दी कि भद्रा रीवांपार में मिरोनी बैराज से, घोठला छोटे हरदी में साराडीह बैराज से और बरगांव कंचनपुर में कलमा बैराज से पानी की जल आपूर्ति के लिए समूह जल प्रदाय योजना अंतर्गत कार्य किया जा रहा है।

बैठक में अधिकारियों ने विभागीय जानकारी दी कि, स्कूल के 21 कार्य में 5 पूर्ण, 5 शुरुआत नहीं हुए और 11 प्रगतिरत है। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत पोषण आहार, महतारी वंदन योजना, भू अभिलेख अंतर्गत स्वामित्व योजना, पंचायत विभाग अंतर्गत शौचालय, पीएम आवास ग्रामीण, शेड, लखपति दीदी, स्व सहायता समूह बैंक क्रेडिट, राष्ट्रीय आजीविका मिशन बिहान, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, फसल बीमा, राशन वितरण, पीएम उज्ज्वला मछली पालन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कौशल विकास, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, नगरीय निकाय, पीएम आवास शहरी, खेल एवं युवा कल्याण, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी, प्रधानमंत्री डिजिटल साक्षरता अभियान की जानकारी दी गई। इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय उपाध्यक्ष अजय नायक सहित सदस्यगण, जनपद और नगर पंचायतों के अध्यक्षगण, पुलिस अधीक्षक आञ्जनेय वार्ष्णेय सहित जिले के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *