• Sat. Oct 24th, 2026

SBN24

NEWS

मुख्यमंत्री से मिले कोसीर के जनप्रतिनिधि, मिनी स्टेडियम व गौरव पथ निर्माण की रखी मांग

BySamip Anant

Jun 27, 2026
Share this

कोसीर :- ग्राम पंचायत कोसीर के सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र राव, वार्ड क्रमांक 14 के पंच शिव कुर्रे एवं देवकुमारी लहरे ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर ग्राम कोसीर के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कोसीर की खेल एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए दो प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से कोसीर में मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा खेल गतिविधियों से जुड़े हुए हैं, लेकिन खेल मैदान और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में उनकी प्रतिभा को उचित मंच नहीं मिल पा रहा है। मिनी स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं का अवसर मिलेगा तथा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा।

इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने कोसीर में गौरव पथ के विस्तार की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि गौरव पथ का विस्तार होने से ग्राम की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांव का समग्र विकास भी तेज़ी से आगे बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र राव ने कहा कि ग्राम कोसीर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी जनहित के मुद्दों को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। वहीं पंच शिव कुर्रे एवं देवकुमारी लहरे ने विश्वास जताया कि सरकार गांव के विकास से जुड़ी इन महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को सौगात देगी।

ग्रामीणों ने भी जनप्रतिनिधियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि मिनी स्टेडियम एवं गौरव पथ विस्तार की मांग शीघ्र स्वीकृत होगी, जिससे कोसीर के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *