सारंगढ़ बिलाईगढ़ :- केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन अब भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगरीपाली में यह योजना ग्रामीणों के लिए राहत का साधन बनने के बजाय परेशानी का कारण बन चुकी है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गोपाल बाघे ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार की नल-जल योजना केवल कागजों में ही पूरी कर दी गई है। जिले के अधिकांश गांवों में जल जीवन मिशन के तहत टंकी और नल कनेक्शन तो बना दिए गए हैं, लेकिन ग्रामीणों को एक बूंद पानी तक नसीब नहीं हो रहा है।

उन्होंने बताया कि डोंगरीपाली में टंकी निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा दिखाया गया है, यहां तक कि घर-घर नल भी लगाए गए हैं, लेकिन आज तक किसी भी घर में पानी नहीं पहुंचा है। स्थिति यह है कि सूखी टंकियां फटने लगी हैं और घरों में लगे नल भी टूट-फूट रहे हैं।
गोपाल बाघे ने आरोप लगाया कि ठेकेदार, पीएचई विभाग के अधिकारी और सरपंच की मिलीभगत से करोड़ों रुपये की इस परियोजना का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। बिना पानी सप्लाई के ही सत्यापन कर योजना को पूर्ण दिखा दिया गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए तत्काल जल जीवन मिशन के तहत टंकी से घर-घर पानी पहुंचाया जाए तथा दोषी अधिकारियों, ठेकेदारों और संबंधित सरपंच के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अन्यथा जन आंदोलन किया जाएगा।
