• Wed. Apr 22nd, 2026

घरघोड़ा नगर पंचायत : वार्ड क्रमांक-2 से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं वरिष्ठ पत्रकार गौरी शंकर गुप्ता… मो. क़ासिम

Samip Anant

BySamip Anant

Jan 2, 2025
Share this

घरघोड़ा :- नगरीय निकाय चुनाव नजदीक आते ही घरघोड़ा नगर पंचायत में चुनावी हलचल तेज हो गई है। वार्ड क्रमांक-2, जिसे हॉट सीट के रूप में जाना जाता है, इस बार चुनावी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहां से वरिष्ठ पत्रकार और भाजपा के पुराने कार्यकर्ता गौरीशंकर गुप्ता को चुनावी मैदान में उतारने की मांग जोर पकड़ रही है।

वार्डवासियों और पूर्व पार्षद मो. क़ासिम ने इस बार श्री गुप्ता को प्रत्याशी बनाने की अपील की है। श्री गुप्ता की छवि एक निष्ठावान और जनप्रिय नेता के रूप में रही है। पिछले 40 वर्षों से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता रहे श्री गुप्ता ने कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभाई हैं। वे मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के कार्यकाल में नगर पालिका सलाहकार समिति के सदस्य, विद्युत मंडल सलाहकार समिति के सदस्य और अंत्योदय समिति के सदस्य जैसे पदों पर रहे।

वार्डवासियों की मजबूत मांग
वार्ड के निवासियों का कहना है कि श्री गुप्ता का समर्पित व्यक्तित्व और स्वच्छ छवि उन्हें अन्य उम्मीदवारों से अलग बनाती है। वे वार्ड के हर वर्ग एवं युवा, बुजुर्ग सभी के साथ घुल-मिलकर काम करते हैं। वार्ड में सामाजिक कार्यों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

पूर्व पार्षद मो. क़ासिम का कहना है, “वार्ड के लोग चाहते हैं कि गौरीशंकर गुप्ता इस बार चुनाव लड़ें। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए उनकी जीत तय मानी जा रही है।”

चुनावी समीकरण
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वार्ड क्रमांक-2 में गौरीशंकर गुप्ता की दावेदारी मजबूत है। उनकी स्वच्छ छवि, लंबे अनुभव और वार्डवासियों के बीच उनकी लोकप्रियता उन्हें एक मजबूत प्रत्याशी बनाती है। यदि वे मैदान में उतरते हैं, तो यह सीट एक बार फिर चर्चा में आ सकती है।

अब देखना यह है कि भाजपा श्री गुप्ता को टिकट देती है या नहीं, और यदि नहीं, तो क्या वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला करेंगे। चुनावी नतीजों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।