छिन्द :- 26 नवंबर को शाहिद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय से संबद्ध आदर्श ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल छिन्द में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में संविधान निर्माण दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्रों के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पठन किया गया तथा संविधान के मूल्यों, आदर्शों और कर्तव्यों के पालन की शपथ ली गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से पूरे गांव में स्वच्छता के महत्व, स्वच्छ वातावरण एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ संविधान के महत्व को समझा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व की भावना का विकास करना तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के संचालक श्री कमलेश साहू, प्राचार्य श्रीमती ज्योति साहू, उपप्राचार्य श्री विद्याधर चौहान, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री गोपाल प्रसाद साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व को समझने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिली।
