• Mon. Apr 20th, 2026

ग्राम पंचायत मिरौनी में संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की तीन दिवसीय जयंती कार्यक्रम का भव्य आयोजन

Samip Anant

BySamip Anant

Feb 1, 2026
Share this

सक्ती – सक्ती जिले के ग्राम पंचायत मिरौनी में संत शिरोमणि, परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की तीन दिवसीय जयंती कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है जिसमें सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी रखा गया है। यह आयोजन 03 फरवरी 2026 मंगलवार से 05 फरवरी तक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न होगा।

आयोजन समिति के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत मिरौनी में यह जयंती समारोह लगातार 11 वर्षों से सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों, उपदेशों और मानवता, सत्य तथा सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान संत समाज के विद्वान प्रवचनकर्ता, प्रसिद्ध भजन-कीर्तन एवं गायक अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामों सहित दूर-दराज से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन स्थल पर सामाजिक प्रवचन, भक्ति संगीत और सामाजिक संदेशों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन समिति द्वारा समस्त संत समाज, श्रोतागण, कलाकारों, श्रद्धालुओं के साथ-साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं अन्य सम्मानित नागरिकों को इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने हेतु सादर आमंत्रित किया गया है। समिति ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।