• Sat. Oct 24th, 2026

SBN24

NEWS

कलेक्टर श्री साहू ने की संयुक्त विभागीय बैठक

BySamip Anant

Apr 12, 2024
Share this

शिक्षा, आदिवासी विकास और महिला बाल विकास विभाग के कार्यों का हुआ समीक्षा

सारंगढ़-बिलाईगढ़ :- कलेक्टर श्री धर्मेश कुमार साहू ने सभाकक्ष में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं आदिवासी विकास विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। सर्वप्रथम कलेक्टर ने शिक्षा विभाग अंतर्गत स्थापना में सफाईकर्मियों की नियुक्ति एवं संख्या, गणवेश एवं स्टेशनरी क्रय एवं वितरण के संबंध में अद्यतन जानकारी, शौचालयों की उपलब्धता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, जाति प्रमाण पत्र की ब्लाॅकवार प्रगति, निःशुल्क राज्य छात्रवृति, सारबिला अकादमी, परीक्षा परिणाम, निर्माण कार्यों एवं योजनागत कार्यों की समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग के कार्यों की मूलभूत जानकारी ली जिसमें छात्रावासों की संख्या, छात्रावासों के मरम्मत कार्य, कर्मचारियों की संख्या, छात्रावासों में बाऊंड्रीवाल एवं फेसिंग कार्य , पेयजल व्यवस्था, खाद्यान्न उपलब्धता, कन्या छात्रावासों में अधीक्षिका आवास गृह, ईंधन की उपलब्धता, वन अधिकार पत्रों के डिजिटाइजेशन इन विषयों पर एवं शासन की संबंधित योजनाओं पर अद्यतन चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके पश्चात कलेक्टर ने अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्रों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार के आंकड़ों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्रावासों में शौचालयों की खराब स्थिति पर ध्यान दिलाया, साथ ही शौचालयों में पानी की उचित व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा। इसके पश्चात कलेक्टर ने नवीन जिला से संबंधित कार्यालय भवन, कार्यालय संचालन एवं स्टाफ के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की जानकारी ली एवं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री साहू ने महिला एवं बाल विकास विभाग की सामान्य जानकारी ली एवं रिक्त भर्तियों के संबंध में कार्यवाही करने को कहा‌। इसके पश्चात कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों की संख्या, सहायिकाओं की संख्या, पोषण केन्द्र की स्थिति एवं अद्यतन जानकारी, आंगनवाड़ियों में दर्ज हितग्राहियों के मोबाइल वेरिफिकेशन, कुपोषण मुक्ति एवं कुपोषण दूर करने हेतु दिए जा रहे भोजन, महिला सशक्तिकरण की दिशा में किये जा रहे कार्य, अपूर्ण कार्यों की स्थिति एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थिति एवं बच्चों की संख्या में कमी, उन्हें दी जाने वाली भोजन की उपलब्धता एवं अन्य गतिविधियों की कमी को लेकर नाराजगी जताते हुए आवश्यक सुधार करने को कहा।

बैठक के दौरान परियोजना अधिकारी हरिशंकर चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी एस एन भगत, बाल विकास अधिकारी बृजेंद्र ठाकुर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग आशीष बैनर्जी एवं समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *