रायगढ़ :- इस बार के चुनाव में निर्वाचन आयोग पहले की तुलना में कई गुना सख्त है। पिछले दो महीनों से चल रही चुनाव की तैयारी के बीच कलेक्टर और एसपी को भी सख्ती का सामना करना पड़ा। अब तो निर्वाचन आयोग ने छ.ग. के दो कलेक्टरों, तीन एसपी और दो एडिशनल एसपी को हटाने का आदेश दिया है। निर्वाचन आयोग ने इस बार बेहद गंभीरता से चुनावी तैयारियों की समीक्षा की है। सूत्रों के मुताबिक कई बार ट्रेनिंग के दौरान अधिकारियों को बेहद सख्त लहजे में डांट दिया जाता था। आचार संहिता लगने के बाद आयोग के निर्देश पर ही अधिकारियों के तबादले होंगे। इस बीच आयोग ने बेहद चौंकाने वाला आदेश जारी किया है।बताया जा रहा है कि रायगढ़ कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा, बिलासपुर कलेक्टर संजीव झा, राजनांदगांव एसपी अभिषेक मीणा, दुर्ग एसपी शलभ सिन्हा, कोरबा एसपी उदय किरण, बिलासपुर एडिशनल एसपी अभिषेक माहेश्वरी और दुर्ग के एडिशनल एसपी संजय ध्रुव को तत्काल हटाने का आदेश दिया है। अधिकारियों को अपने कनिष्ठ अधिकारियों को चार्ज देने को कहा गया है। दुर्ग जिले में एसपी और एडिशनल एसपी दोनों को एक साथ हटा दिया गया है। इसके जरिए आयोग ने कुछ संदेश दिया है
छोटा लेकिन बेहतरीन कार्यकाल
ईडी और आईटी के लगातार छापों के बाद रायगढ़ जिले की छवि धूमिल हो चुकी थी। प्रशासन पर सवाल उठ रहे थे। ऐसे समय में रायगढ़ जिले की कमान आईएएस तारन प्रकाश सिन्हा को दी गई। उन्होंने पुराने विवादित मामलों की सफाई की। कलेक्टर की गरिमा को वापस स्थापित करने के लिए उन्होंने जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को जाना। जरूरतों के हिसाब से निर्णय लिए। उनको हटाने का आदेश हर किसी के लिए अप्रत्याशित है। इसे लेकर सोशल मीडिया में भी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
तारन सिन्हा, संजीव और मनोज सोनी को मंत्रालय में बिना प्रभार के मिली पोस्टिंग
राज्य शासन ने आईएएस तारन प्रकाश सिन्हा, आईएएस संजीव कुमार झा और आईटीएस मनोज सोनी को अस्थायी रूप से बिना किसी प्रभार के मंत्रालय में पोस्टिंग दी है. यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया है. बता दें कि देर शाम चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 कलेक्टर और 3 एसपी को पद से हटा दिया था.
