• Sun. Apr 19th, 2026

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय ने की पूजा , शेड निर्माण कार्य हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा

Samip Anant

BySamip Anant

Feb 2, 2026
Share this

बरमकेला :-  देवभूमि देवगांव के ऊँचे पहाड़ पर स्थित क्षेत्र के प्राचीनतम शिव मंदिर में एक सप्ताह से अधिक समय तक चले मानस पाठ का भव्य समापन विशाल भंडारे के साथ उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे और विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने मानस पाठ के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि – रामचरितमानस मानव जीवन को धर्म, संस्कार और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है तथा समाज के लिए अत्यंत सार्थक और मार्गदर्शक है। देवगांव स्थित इस प्राचीन शिव मंदिर की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर भी प्रकाश डाला। श्री पाण्डेय ने मंदिर प्रांगण में मानस पाठ एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के सुचारू संचालन हेतु स्थायी शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने भंडारे के आयोजन हेतु अपनी ओर से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। उनकी इस घोषणा से क्षेत्र के धर्मप्रेमी एवं ग्रामीणों में अत्यंत हर्ष और उत्साह देखने को मिला। उपस्थित जनसमूह ने जिपं अध्यक्ष के इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किये। आयोजन समिति ने भी श्री पाण्डेय के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उल्लेखनीय है कि – आयोजन समिति के अथक प्रयासों एवं दानदाताओं के सहयोग से यह मानस पाठ का आयोजन पिछले एक दशक से अधिक समय से निरंतर किया जा रहा है । इस आयोजन में न केवल पुरुष बल्कि महिलाएं एवं बच्चे भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और धर्म, संस्कार एवं पुण्य लाभ के सहभागी बनते हैं।  अवसर पर जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय के साथ जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कैलाश नायक, सरपंच तपस्विनी सुरेश इजारदार, जनपद सदस्य प्रतिनिधि रोहित वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।